Advertisement
sunbeam admission 2023
radhakrishna academy admission 2023
sunbeam admission 2023
radhakrishna academy admission 2023
previous arrow
next arrow

7489697916 for Ad Booking
पूर्वांचल बलिया राज्य

मुख्यमंत्री ने निरीक्षण कर जाना जिले की सुविधाओं का हाल

-बलिया में सीएम
-किया एक गांव का निरीक्षण, निशुल्क अनाज वितरण का शुभारंभ, कोर कमेटी संग बैठक, मीडिया को भी किया संबोधित


बलिया : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को बलिया का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें कोई बड़ी कमी नहीं मिली। मुख्यमंत्री ने कोरोना काल में अधिकारियों के कार्य की सराहना की तथा धन्यवाद भी दिया। सीएम ने गांव का निरीक्षण कर वहां का हाल जाना और फ्री के अनाज का वितरण भी पांच लोगों को किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज बलिया जनपद में स्वास्थ्य सुविधाओं एवं विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। वैक्सीनेशन अभियान का जायजा लेने के लिए उन्होंने ट्रामा सेंटर में चल रहे वैक्सीनेशन सेंटर का भी निरीक्षण किया। इसके बाद कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यक्रमों, कानून व्यवस्था एवं कोविड नियंत्रण की समीक्षा बैठक की और पुलिस-प्रशासन के कार्याें पर संतोष व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने जिला अस्पताल में पहुंचकर कोविड वार्ड एवं नॉन कोविड वार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों से बातचीत कर स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को निर्देश दिया कि अस्पताल में हमेशा साफ-सफाई बनी रहे। सरकार की ओर से दी जाने वाली सुविधाएं हर एक मरीजों तक पहुंचाई जाए। इसके बाद उन्होंने जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर में संचालित वैक्सीनेशन सेंटर का निरीक्षण किया। इस अवसर पर वहां वैक्सीन लगवाने आए लोगों से बातचीत की और कहा कि अपने आसपास के अन्य लोगों को भी वैक्सीन लगवा लेने के लिए प्रेरित करें।

हैबतपुर गांव का किया निरीक्षण
जनपद भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने विकासखंड हनुमानगंज के हैबतपुर गांव का निरीक्षण किया। कोरोना काल के दौरान गांव में हुए खाद्यान्न वितरण की जानकारी ली। ग्राम प्रधान से निगरानी समिति के कार्याें के बारे में पूछा। मुख्यमंत्री ने गांव में साफ सफाई की स्थिति, सेनेटाइजेशन, बिजली आपूर्ति व गंगा कटान से सम्बन्धित बातों पर चर्चा की। इस अवसर पर उन्होंने गांव की पांच लाभार्थियों किरन देवी, सुमन, बीरबल राम, पनवा देवी व सुनीता देवी को अपने हाथों से खाद्यान्न वितरित किया। उन्होंने वहां उपस्थित आशा बहू को विभिन्न आयु वर्ग के बच्चों के लिए दवा किट भी दिए। मुख्यमंत्री ने गांव में हुए विकास कार्याें की सराहना की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ गांव के हर एक पात्र को दिलाना सुनिश्चित करें।

कलेक्ट्रेट सभागार में कोर कमेटी संग बैठक

मुख्यमंत्री ने कलेक्ट्रेट सभागार में कोर कमेटी के सदस्यों के साथ बैठक की। इसके बाद जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यक्रमों, कानून व्यवस्था एवं कोविड नियंत्रण की समीक्षा की। बैठक में जिलाधिकारी अदिति सिंह ने जिले में हो रहे विकास कार्याें के बारे में विस्तार से बताया। मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान जिले की स्थिति पर संतोष व्यक्त किया। गेहूुं खरीद की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि किसानों के बकाया धनराशि को 72 घंटे के अंदर उनके खाते में भेज दिया जाए। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष जनपद बलिया में गेहूं की खरीद 48 हजार मीट्रिक टन हुई थी, जो इस वर्ष 85 हजार मीट्रिक टन की रिकार्ड खरीद हो चुकी है।

मीडिया को संबोधित किया सीएम ने

भ्रमण के अंत में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कोरोना पूरी तरह नियंत्रण में हैं। सरकार, जनप्रतिनिधियों, हेल्थ वर्कर्स, स्वयंसेवी संगठनों ने मिलकर जो परिणाम दिया है, वह हम सबके सामने है। प्रदेश में रोज 3 लाख टेस्ट हो रहे हैं। एक्टिव केस को लेकर मई के अंत में 50 लाख तक मरीजों की आशंका व्यक्त की गयी थी, लेकिन आज 6 हजार तक सीमित है। बताया कि प्रदेश देश में सर्वाधिक जांच करने वाला राज्य है। ट्रेस, टेस्ट व ट्रीट के माध्यम से हमने कोरोना पर बेहतर तरीके से नियंत्रण पाया है।
कहा कि जनपद बलिया की सीमा तीन ओर से बिहार से घिरी हुई है। इसलिए निश्चित रूप से यहां की स्थिति के प्रति चिंता बनी रहती थी। लेकिन, यहां अधिकारियों ने बेहतर काम किया। यहां कभी 30 फीसदी तक पाॅजिटिविटी दर पहुंच गई थी, जो आज नहीं के बराबर है।

यह यह रहे मौजूद
मुख्यमंत्री के निरीक्षण के दौरान राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उपेंद्र तिवारी, राज्यमंत्री आनन्द स्वरूप शुक्ल, लोकसभा सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त व रविन्दर कुशवाहा, राज्यसभा सांसद नीरज शेखर व सकलदीप राजभर, विधायक (सिकंदरपुर) संजय यादव, विधायक (बैरिया) सुरेंद्र नाथ सिंह, विधायक (बेल्थरारोड) धनन्जय कन्नौजिया, भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साहू, मण्डलायुक्त विजय विश्वास पंत, डीआईजी सुभाषचन्द दूबे, जिलाधिकारी अदिति सिंह, एसपी डाॅ विपिन ताडा, सीडीओ प्रवीण वर्मा, मुख्य राजस्व अधिकारी विवेक श्रीवास्तव, सिटी मजिस्ट्रेट नागेंद्र सिंह मौजूद थे।

Advertisement
r-k-mission
r-k-mission
previous arrow
next arrow

7489697916 for Ad Booking
Advertisement
mditech-seo
creative-digital-marketing-agency
mditech-seo
creative-digital-marketing-agency
previous arrow
next arrow

9768 74 1972 for Website Design